72 घंटे में काशीपुर का कांति ब्लाइंड मर्डर बेनकाब

– 200 से अधिक CCTV खंगालकर डम्पर चालक समेत 2 गिरफ्तार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

काशीपुर। पुलिस ने 19 वर्षीय युवती के अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर) की गुत्थी को महज 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में डम्पर चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर आला कत्ल (लोहे का हुक) व मृतका का सामान बरामद कर लिया है।

बीते 20 अगस्त की सुबह काशीपुर के रामनगर रोड (धनौरी पट्टी) स्थित सड़क किनारे एक 19 वर्षीय युवती का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। एसएसपी अजय गणपति ने घटना का खुद संज्ञान लेते हुए कोतवाली काशीपुर पुलिस को जल्द से जल्द वारदात के खुलासे के सख्त निर्देश दिए थे। पुलिस टीमों ने मृतका के घर से लेकर घटनास्थल तक के संभावित रास्तों पर लगे 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच में सामने आया कि घटना की सुबह 04:35 बजे मृतका ने चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे 04:38 बजे कैंसिल कर दिया गया था। इसके बाद मृतका का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में सड़क पर पड़ा मिला, जिसे गुमराह करने की नीयत से अपराधियों ने फ्लाइट मोड पर डालकर फेंका था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चीमा चौराहा से क्रेशर की ओर जाने वाले डम्पर (संख्या UK15CA-1437) को संदिग्ध पाया गया। पुलिस द्वारा डम्पर चालक राजू निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधम सिंह नगर और उसके साथी सुमित निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर, ऊधम सिंह नगर को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

अभियुक्त राजू ने बताया कि 20 अगस्त की सुबह चैती मैदान के पास युवती ने डम्पर रुकवाया था। रास्ते में राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती (छेड़छाड़) करने का प्रयास किया।युवती ने इसका कड़ा विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत की बात कही और बचाव में राजू के हाथ पर काट लिया। गुस्से में आकर राजू ने डम्पर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और पुलिस को भटकाने के लिए युवती का मोबाइल सड़क पर फेंककर चले गए। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डम्पर, आला कत्ल (लोहे का हुक), मृतका का मोबाइल, बैग (आधार कार्ड, बैंक पासबुक व आयुष्मान कार्ड सहित) और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement