


ऊधमसिंहनगर में चला ऑपरेशन साइबर प्रहार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। साइबर ठगों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन साइबर प्रहार में पुलिस ने 24 घंटों के भीतर विभिन्न थानों में 24 मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस पांच संदिग्धों को हिरासत लेकर पूछताछ कर रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिसजांच में सामने आया है कि साइबर अपराधी आम जनता से ठगी गई रकम को छिपाने के लिए म्यूल अकाउंट्स (दूसरों के नाम पर खुले बैंक खाते) और फर्जी सिम कार्ड का सहारा ले रहे हैं। अब तक 100 से अधिक संदिग्ध म्यूल अकाउंट्स चिन्हित किए हैं। इन खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से अपराधियों के इंटरस्टेट नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
चारधाम यात्रा को लेकर विशेष निगरानी
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर होने वाली ठगी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फर्जी वेबसाइट, कॉल सेंटर फ्रॉड और पेंशन फ्रॉड जैसी साजिशों को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। कोतवाली रुद्रपुर, गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर, नानकमत्ता, जसपुर, किच्छा और दिनेशपुर में मुकदमें दर्ज किए गए हैं।

