डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान अचानक घिर गईं महिला कर्मचारी

– स्कूटी की चाबी निकालने की कोशिश, चार युवक पकड़े

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

सितारगंज। ग्राम धोहरा में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता, रास्ता रोकने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को थाने लाया गया और बीएनएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया गया।

दरअसल, 6 अक्टूबर को उद्यान विभाग की महिला कर्मचारी गांव में डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर पहुंचे चार युवकों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र एवं आपत्तिजनक व्यवहार किया। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने महिला कर्मचारियों का रास्ता रोकते हुए उनकी स्कूटी को घेर लिया और चाबी निकालने तथा मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया।

महिला कर्मचारियों ने जब घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना से मौके पर भय और असुरक्षा का माहौल बन गया।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना सितारगंज में सरकारी कार्य में बाधा, रास्ता रोकने, अभद्रता और धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने जांच के बाद घटना में शामिल चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने लाया। आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएस के तहत नोटिस तामील कराया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार की और परिजनों की मौजूदगी में महिला कर्मचारियों से लिखित एवं मौखिक रूप से माफी मांगी। पुलिस ने भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न करने की कड़ी हिदायत देते हुए वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement