– श्रीराम-सीता विवाह की रस्मों के बाद होगी माता सीता की विदाई
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। प्रभु श्रीराम की भव्य बारात के स्वागत के लिए रुद्रपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 अक्टूबर को रामलीला मैदान से निकलने वाली बरात विधायक शिव अरोरा के आवास पहुंचेगी। यहां विधायक परिवार घराती बनकर बारात का स्वागत करेगा। इस अवसर पर विधायक आवास को जनकपुरी की तर्ज पर सजाया जाएगा और श्रीराम-सीता विवाह की रस्में संपन्न होंगी।
विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को राम बरात बस स्टैंड स्थित रामलीला मैदान से शुरू होकर पांच मंदिर होते हुए सी-22, एलाइंस कॉलोनी स्थित उनके आवास पहुंचेगी। शाम पांच बजे बारात के पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रभु श्रीराम की बरात के स्वागत का अवसर उनके लिए भावुक और गौरव का क्षण है। वर्ष 2021 में भी उन्हें यह सौभाग्य मिला था। एक बार फिर प्रभु श्रीराम की कृपा से बारात के स्वागत का अवसर मिलने पर वह स्वयं को धन्य मानते हैं।
उन्होंने बताया कि आवास को जनकपुरी की तर्ज पर सजाया जाएगा। बारात के स्वागत के बाद भक्तिमय गीत-संगीत के बीच श्रीराम-सीता विवाह की रस्में पूरी होंगी। इसके बाद माता सीता की विदाई की जाएगी। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से व्रत के भोजन का प्रबंध होगा, ताकि सभी लोग सुविधापूर्वक आयोजन में शामिल हो सकें।
उन्होंने रुद्रपुर के नागरिकों, धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम बारात के स्वागत और श्रीराम-सीता विवाह समारोह में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और संस्कार भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करते हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान दर्जा मंत्री सुरेश कोली, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, पंजाबी महासभा कुमाऊं के अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, पूर्व मंडी चेयरमैन केके दास, बंगाली महासभा अध्यक्ष केके दास, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, राजेश कामरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




