रुद्रपुर में नाम बदलकर बिरयानी बेचने वाले पर मुकदमा दर्ज

विधायक शिव अरोरा ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। शांति कॉलोनी में जोमैटो के जरिए चिकन बिरयानी के ऑर्डर के बाद धर्म छिपाकर किए जा रहे कारोबार का भंडाफोड़ होने के मामला तूल पकड़ रहा है। हिंदू नाम की आड़ में दूसरे समुदाय के युवक द्वारा दुकान चलाने के मामले में पुलिस ने दुकानदार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बृहस्पतिवार को विधायक शिव अरोरा ने समर्थकों संग एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी से मुलाकात कर ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की।

दरअसल, बुधवार को शांति कॉलोनी निवासी रवि चंद्रा ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप जोमैटो पर चिकन बिरयानी का ऑर्डर बुक किया था। जब वह लोकेशन ट्रैक करते हुए त्रिशूल चौक स्थित सीरगोटिया पहुंचे तो वहां दुकान का नाम इंडियन चिकन बिरयानी लिखा मिला। जांच करने पर पता चला कि ऑनलाइन सौरभ नाम से दुकान चलाने वाले व्यक्ति का असली नाम राशिद है। इस खुलासे के बाद वहां हिंदूवादी संगठनों ने भारी हंगामा कर दिया और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

बृहस्पतिवार को विधायक शिव अरोरा ने एसएसपी से मुलाकात कर कहा कि कुछ लोग साजिश के तहत अपनी पहचान छुपाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सभी दुकानदारों को अपने बोर्ड पर स्पष्ट नाम लिखना चाहिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। एसपी क्राइम ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पहचान छुपाकर व्यापार करने वालों के खिलाफ सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement