लालकुआं में हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मारा

Share News

लालकुआं में हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मार

टांडा रेंज क्षेत्र में हुई घटना, इलाके में दहशत

न्यूज एंड नॉक डेस्क, लालकुआं (नैनीताल)। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में जंगली हाथी के हमले में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, टांडा रेंज स्थित शाह पठानी खत्ता क्षेत्र में दो व्यक्ति मौजूद थे। इसी बीच अचानक एक विशालकाय जंगली हाथी ने उन पर हमला बोल दिया। हाथी ने दोनों को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का भाव है।

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृतकों में से एक की पहचान 75 वर्षीय बांधो प्रजापति (निवासी हुंकारखाप, चतरा, झारखंड) के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

घटनास्थल पर पहुंचे सीओ अमित कुमार सैनी, लालकुआं प्रभारी निरीक्षक और वन विभाग के रेंजर रूपनारायण गौतम ने स्थिति का निरीक्षण किया। सीओ ने कहा कि हाथी के हमले से दो लोगों की मृत्यु हुई है। एक की पहचान हो चुकी है, दूसरे की शिनाख्त की कोशिश जारी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इधर, मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं, रेंजर रूपनारायण गौतम ने आश्वासन दिया है कि सरकारी नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *