


सितारगंज पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय बाइक चोर दबोचे, आठ मोटरसाइकिलें बरामद
न्यूज एंड नॉक डेस्क, सितारगंज। कोतवाली पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय मोटर साइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। अभियुक्त मोटर साइकिलों को नेपाल में बेचने की योजना बना रहे थे।
बीते बृहस्पतिवार की रात प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिडकुल स्थित सूखी नदी पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस ने करन सिकदार निवासी पुलभट्टा और समर सिंह निवासी शक्तिफार्म को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से शक्तिफार्म के चड़क मेले से चोरी हुई एक बुलेट भी बरामद हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह में तीसरा सदस्य अमरजीत सिंह है। वे बरेली, बहेड़ी, किच्छा, रुद्रपुर और बाजपुर जैसे इलाकों से वाहन चोरी कर नेपाल सीमा पार भेजते थे। अब तक वे लगभग 25 बाइक नेपाल में बेचकर मोटा मुनाफा कमा चुके हैं। पुलिस अब फरार साथी अमरजीत की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बुलेट, अपाचे, प्लेटिना, डिस्कवर, स्प्लेंडर और एनटॉर्क स्कूटी सहित कुल आठ वाहन बरामद किए हैं। इन वाहनों के संबंध में यूपी के बरेली और बहेड़ी सहित विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी है। वाहन चोरी हो या नशा तस्करी, किसी भी संगठित अपराध में शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

