


मां की सतर्कता से बची बच्ची, आरोपी किशोर दबोचा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक ही मकान में रहने वाले किराएदार के किशोर बेटे ने नौ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शुक्र रहा कि सही समय पर बच्ची की मां की आंख खुल गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। मां ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, महिला रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के एक इलाके में किराए पर रहती है। महिला का पति काम के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ था। बृहस्पतिवार को रात महिला अपने तीन बच्चों के साथ खाना खाकर सो गई थी। बताया जा रहा है कि रात करीब ढाई बजे उसी मकान में रहने वाला एक किशोर दबे पांव महिला के कमरे में घुस गया।
आरोप है कि कमरे में घुसने के बाद आरोपी ने वहां सो रही नौ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी बीच कमरे में कुछ आहट हुई, जिससे महिला की नींद खुल गई। अपनी मां को जागता देख आरोपी किशोर ने वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान मां ने साहस का परिचय देते क्या आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के साथ महिला की काफी हाथापाई हुई। शोर मचने पर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए, जिसके बाद तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने घटना स्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

