


नानकमत्ता में महाराणा प्रताप जयंती पर पहुंचे सीएम, मेधावियो को किया सम्मानित
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शिरकत की। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे धर्मांतरण के खेल पर गहरी नाराजगी जताई और राष्ट्रविरोधी ताकतों को कड़े लहजे में चेतावनी दी।
शनिवार को हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुरुओं की पवित्र धरती नानकमत्ता साहिब को नमन करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के राजा नहीं थे, बल्कि वे देश की आन, बान और स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उनका जीवन हमें अपने सिद्धांतों और धर्म पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। सीएम ने थारू समाज की तारीफ करते हुए कहा कि आधुनिक युग में भी इस समाज ने अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को मजबूती से संजोकर रखा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए सीएम धामी ने कहा कि आज जनजातीय समाज के लिए देश में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, पीएम जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान और वन धन जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार भी इस दिशा में ठोस काम कर रही है। उधम सिंह नगर में अटल आवास योजना के तहत 3 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं, खटीमा में बालिका छात्रावास के लिए 4 करोड़, बाजपुर में स्कूल-छात्रावास के लिए 16 करोड़ और गदरपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास बनाया जा रहा है। युवाओं को यूपीएससी, पीसीएस और आईआईटी की तैयारी के लिए देहरादून में आदि लक्ष्य संस्थान की स्थापना की जा रही है।
कार्यक्रम के संयोजक और पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए नानकमत्ता उप तहसील को पूर्ण तहसील बनाने तथा नानकमत्ता नगर पंचायत को नगर पालिका में अपग्रेड करने का अनुरोध किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
देवभूमि में थूक जिहाद, लैंड जिहाद और धर्मांतरण बर्दाश्त नहीं: सीएम
मुख्यमंत्री ने तराई क्षेत्र का जिक्र करते हुए एक बेहद कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सुनने में आ रहा है कि तराई के इस शांत क्षेत्र में धर्मांतरण का गंदा खेल खेला जा रहा है। कुछ समाजविरोधी ताकतें थारू समाज की मासूमियत का फायदा उठाने की कोशिश कर रही हैं। मैं इस मंच से उन अधर्मियों को चेतावनी देना चाहता हूं कि यह देवभूमि है, यहाँ छल का खेल नहीं चलेगा।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय जनता।

