


प्रॉपर्टी डीलर ने एक ही प्लॉट दो लोगों को बेचा, दाखिल-खारिज के बाद बाउंड्री कराने पहुंचे तो खुली पोल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। सीमा सुरक्षा बल के एक इंस्पेक्टर से प्लॉट के नाम पर 22.50 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुए फौजी वर्तमान में गृह मंत्रालय दिल्ली में तैनात हैं। आरोप है कि उनके साथ जालसाजी करते हुए एक ही प्लॉट को दो अलग-अलग खरीदारों को बेच दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के छतरपुर साईं विहार कॉलोनी निवासी श्याम सिंह बोरा बीएसएफ में इंस्पेक्टर हैं। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर 2024 को उन्होंने अपने बेटे गौरव बोरा के नाम पर जमीन खरीदने के लिए धरमपुर के प्रॉपर्टी डीलर गुरमीत सिंह से संपर्क किया था। डीलर गुरमीत ने उन्हें गांव में ही 83.64 वर्ग मीटर का एक प्लॉट दिखाया और सौदा 22.50 लाख रुपये में तय हुआ। तय शर्तों के अनुसार तय रकम का भुगतान कर दिया गया, जिसके बाद प्लॉट की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) भी हो गया। रजिस्ट्री के वक्त आरोपी डीलर ने इंस्पेक्टर के बेटे के साथ प्लॉट पर खड़े होकर फोटो भी खिंचवाई थी।
साल 2025 में जब उनके परिवार ने जमीन पर कब्जा लेने और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य शुरू कराया, तो वहां भारती मेहता नाम की एक महिला पहुंच गई। महिला ने उस प्लॉट के असली दस्तावेज दिखाए, जिसे देखकर इंस्पेक्टर के होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि उक्त प्लॉट को पहले ही किसी और को बेचा जा चुका था।
श्याम सिंह बोरा का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर गुरमीत सिंह और उसका साथी गुरदयाल सिंह (निवासी शांति विहार) मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहे हैं। ये लोग भोले-भाले लोगों को सस्ते प्लॉट का लालच दिखाते हैं और फिर धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

