होटल कारोबारी पर रम्पुरा में हुआ जानलेवा हमला, सिर फोड़ा  

Share News

पुलिस ने दो युवकों पर दर्ज किया नामजद मुकदमा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के कैनाल कॉलोनी गेट के पास आधी रात को हुड़दंग मचा रहे युवकों को टोकना एक होटल कारोबारी को भारी पड़ गया। खुद को रम्पुरा का बदमाश बताने वाले युवकों ने कारोबारी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कारोबारी के सिर पर सीमेंट-पत्थर की टाइल से जोरदार प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैनाल कॉलोनी, रुद्रपुर निवासी कमल चन्द्र जोशी  गंगापुर रोड पर ‘निष्ट्रो कैफे’ नाम से होटल चलाते हैं। पुलिस को दी तहरीर में कमल ने बताया कि बीती 19 मई की रात करीब 1:30 बजे वह अपने होटल से कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कैनाल कॉलोनी के गेट पर पहुंचे, वहां कुछ लड़के जोर-जोर से हल्ला कर रहे थे। कमल ने उन लड़कों को शोर मचाने से मना किया। इतने में ही लड़के भड़क गए और गाली-गलौज पर उतर आए। उन्होंने धमकी देते हुए कहा, हम रम्पुरा के बदमाश हैं, तेरी हिम्मत कैसे हुई हमें टोकने की।

एक युवक ने चिल्लाकर कहा कि वह कुख्यात बदमाश राहुल राठौर का भाई है और इसे जान से मार डालते हैं। इसके बाद दो युवक एक राय होकर कमल पर लात-घूंसों से टूट पड़े। इसी बीच एक आरोपी ने पास में पड़ी भारी सीमेंट-पत्थर की टाइल उठाई और जान से मारने की नीयत से कमल के सिर पर दे मारी। हमला इतना जोरदार था कि कमल का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं बेहोश हो गए। हमलावर उन्हें मृत समझकर वहां से भाग निकले। बाद में किसी राहगीर की सूचना पर पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया, जहां होश में आने के बाद उन्होंने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। होश न होने के कारण पीड़ित तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके थे।

होश में आने के बाद पीड़ित कमल चन्द्र जोशी ने आरोपियों की पहचान अभिषेक निवासी रम्पुरा कटोरी मंदिर के पास, अर्जुन रम्पुरा के केदारनी चौक का रहने वाला है।पीड़ित का कहना है कि इस जानलेवा हमले के बाद से उन्हें अपनी जान का लगातार खतरा बना हुआ है। इसके अलावा, घटना के बाद से उसका पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस, कार की आरसी,  एटीएम कार्ड्स, कुछ दवाइयां भी गायब हैं। पीड़ित कमल चन्द्र जोशी की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *