बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण का रास्ता साफ

Share News

नगर निगम ने लोनिवि को दी एनओसी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और इसे बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मिली है। बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। नगर निगम रुद्रपुर ने इस चौड़ीकरण योजना के लिए अधिग्रहित भूमि को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के लिए अपनी अनापत्ति दे दी है। नगर निगम की इस हरी झंडी के बाद अब सड़क चौड़ीकरण के काम को रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, सड़क चौड़ीकरण की जद में नगर निगम की कुछ दुकानें आने के कारण स्थानीय व्यापारियों में काफी चिंता थी। प्रभावित व्यापारियों ने अपनी दुकानें बचाने के लिए राहत की मांग की थी। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि व्यापारियों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री से वार्ता कर इस मामले को प्रमुखता से रखा गया था। इसके बाद जनहित और व्यापार हित में सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई को कुछ कम करने का निर्णय लिया गया, जिससे व्यापारियों को बड़ी राहत मिल सकी है।

बताया कि चौड़ीकरण से संबंधित कुछ तकनीकी प्रक्रियाएं लंबे समय से लंबित थीं। लोक निर्माण विभाग द्वारा भूमि हस्तांतरण के संबंध में नगर निगम से सहमति मांगी गई थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने अपनी अनापत्ति प्रदान कर दी है। बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से वर्षों पुरानी जाम की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिलेगी। आम जनता, स्थानीय व्यापारियों और वाहन चालकों का समय बचेगा। रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था सुचारू और आधुनिक बनेगी।

कहा कि शहर के सुनियोजित विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *