


काशीपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दो सगे भाई गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्र में गाड़ी खड़ी करने के मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। घर में पोती की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन दबंगों के जानलेवा हमले ने एक शख्स की जान ले ली और शादी का घर मातम के घर में तब्दील हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, महुआखेड़ागंज निवासी अनीश पुत्र कासम अली के घर में पोती की शादी का जश्न चल रहा था। बीती 30 मई की रात करीब 11 बजे पूरा परिवार तैयारियों में व्यस्त था। इसी बीच तभी अली अकबर और अहमद रजा नामक दो युवक अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर आए और अनीश के दरवाजे के ठीक सामने खड़ी कर दी। अनीश ने दोनों से गाड़ी कहीं और हटाने को कहा।था। इतनी सी बात पर दबंग आगबबूला हो गए। आरोप है कि दोनों में अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया। इस दौरान जमकर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड चली थी।
इस हमले में अनीश के परिवार के सदस्य अफजल के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। अन्य कई लोग भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गंभीर हालत में अफजल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ 31 मई को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अफजल की मौत की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अभियुक्तों अली अकबर और नाजिम निवासी महुआखेड़ा गंज को अलग अलग जगहों से गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीमें घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

