रुद्रपुर को मिलेगी ग्रीन पार्किंग की सौगात

Share News

विधायक शिव अरोरा का दावा,  एक हफ्ते में खुलेगा टेंडर

वर्षों पुरानी जाम की समस्या से मिलेगी मुक्ति

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। शहर को जल्द ही  200 वाहनों की क्षमता वाली अत्याधुनिक ग्रीन पार्किंग की सौगात मिलने जा रही है। विधायक का दावा है कि एक सप्ताह के भीतर जिला विकास प्राधिकरण द्वारा इस पार्किंग के निर्माण का टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

मंगलवार को प्राधिकरण दफ्तर में विधायक अरोरा ने उपाध्यक्ष जयकिशन और सचिव पंकज उपाध्याय के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान विधायक ने पार्किंग के डिजाइन और डीपीआर का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्राधिकरण उपाध्यक्ष जय किशन ने बताया कि पार्किंग की डीपीआर और डिजाइन पूरी तरह तैयार है और अगले एक हफ्ते में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह आम पार्किंग जैसी नहीं होगी, बल्कि इसे पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाएगा। पार्किंग में ऐसी विशेष टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे बरसात का पानी सीधे जमीन के अंदर जा सके और भूजल स्तर बना रहे।

विधायक ने कहा कि रुद्रपुर की जनता से किया वादा अब पूरा होने जा रहा है। मुख्य बाजार के नजदीक होने के कारण इस पार्किंग का सीधा लाभ हमारे स्थानीय व्यापारियों और खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों को मिलेगा। शहर में गाड़ियां सड़क पर पार्क नहीं होंगी, जिससे सालों पुरानी जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। उन्होंने साल 2023 में सिंचाई विभाग की जमीन पर पार्किंग बनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया था। 

वहां पर  जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज उपाध्याय सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *