पूरे जुनून, धैर्य से प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी करें युवा: जसमीत

Share News

रुद्रपुर की बेटी ने रचा इतिहास,  पीसीएस परीक्षा में जसमीत कौर बनीं टॉपर

महापौर विकास शर्मा ने घर जाकर किया सम्मानित

बागेश्वर में जिला समाज कल्याण अधिकारी है जसमीत

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। शहर की होनहार बेटी जसमीत कौर पाहवा ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि पर रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने वसुंधरा पॉम हाउस कॉलोनी जाफरपुर स्थित जसमीत के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें और उनके पूरे परिवार को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।

जसमीत कौर को बधाई देते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह पूरे रुद्रपुर शहर और जनपद ऊधमसिंह नगर के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। शहर की किसी बेटी ने पहली बार राज्य स्तर पर टॉप कर यह मुकाम हासिल किया है।

महापौर ने जसमीत के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा, जसमीत पहले से ही बागेश्वर में समाज कल्याण अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। नौकरी की जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों की उड़ान को रुकने नहीं दिया। उनकी यह सफलता सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अन्य युवाओं के लिए प्रेरणापुंज का काम करेगी।

जसमीत कौर के पिता जसवंत सिंह पाहवा और माता मनप्रीत कौर ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की। भावुक होते हुए पिता जसवंत सिंह ने कहा कि जब माता-पिता को उनके बच्चों की उपलब्धियों से पहचान मिलने लगे, तो उससे बड़ी खुशी दुनिया में कोई नहीं हो सकती। बच्चों ने हमारी दी हुई सीख और अपनी लगन से आज हमारा सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। यह सिर्फ हमारे परिवार की नहीं, बल्कि पूरे रुद्रपुर की सफलता है।

महापौर और शहरवासियों से मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए पीसीएस टॉपर जसमीत कौर ने अपनी सफलता का मंत्र साझा किया। उन्होंने कहा कि जो युवा प्रशासनिक सेवाओं में आना चाहते हैं, उन्हें पूरे जुनून, धैर् और निरंतरता के साथ तैयारी करनी चाहिए। ईमानदार प्रयास और लगातार मेहनत करने वालों को सफलता एक न एक दिन अवश्य मिलती है। उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के अटूट सहयोग और ईश्वर की कृपा को दिया। वहां पर गुरमीत सिंह, पारस चुघ, चिराग कालरा, गौरव सहित कई गणमान्य लोग और पारिवारिक सदस्य मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *