


हाईवे पर डम्पर चालकों से लूट करने वाले दो फर्जी फाइनेंस कर्मी गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक संवाददाता
काशीपुर। पुलिस ने हाईवे पर डम्पर चालकों को रोककर खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर तमंचे के बल पर लूट करने वाले अंतर-जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी और वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून को कोतवाली आईटीआई में लूट की दो अलग-अलग तहरीरें दी गई थी। मुरादाबाद निवासी वादी आरिफ ने बताया कि 18 जून को उनका भाई नासिर डम्पर में रामनगर से रेता भरकर जा रहा था। शाम करीब पांच बजे बल्ली ढाबा के पास आई-20 और ब्रेजा कार सवार बदमाशों ने डम्पर को रोका और नासिर के साथ मारपीट कर तमंचे के बल पर 11,000 रुपये लूट लिए।
उधर, काशीपुर निवासी आलम ने तहरीर दी कि 18 जून को करीब 12:20 बजे बांसखेड़ा पुल के नीचे कार सवार बदमाशों ने उनके डम्पर को रोका। आरोपियों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मी बताकर किश्त बकाया होने का झांसा दिया और विरोध करने पर तमंचा दिखाकर डैशबोर्ड में रखे 24,000 रुपये लूट लिए। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमें दर्ज किए थे।
एसएसपी अजय गणपति ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। टीम ने गुरुवार को जैतपुर घोसी से बेगमाबाद जाने वाली कच्ची सड़क के पास से सफेद रंग की आई-20 कार यूके 17एल-7139) के साथ दो अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे फाइनेंस कर्मी बनकर डम्परों को रोकते थे और सुनसान पाकर लूट करते थे।
आरोपियों ने अपना नाम गुरमेज सिंह उर्फ विक्की निवासी- करघटिया फार्म, थाना सितारगंज और गुरविन्दर सिंह निवासी आजाद नगर, थाना किच्छा बताया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, 02 कारतूस, घटना में प्रयुक्त आई-20 कार और लूटी गई 15,000 रूपये बरामद हुए।
एसएसपी अजय गणपति ने जनता से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर जबरन आपका वाहन रोकता है, अवैध वसूली करता है या कोई संदिग्ध गतिविधि करता है, तो डरे नहीं। इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल-112 पर दें। आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

