


युवक को फोन पर गाली-गलौज, दुष्कर्म की धमकी और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
हरिद्वार। लक्सर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। चैंपियन पर एक युवक को फोन पर मां-बहन की गालियां देने, जान से मारने की धमकी, दुष्कर्म करवाने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार जोगेंद्र कुमार निवासी ग्राम शान्तरशाह, बहादराबाद ने कोतवाली लक्सर में दी तहरीर में बताया कि 22 जून की रात वह अपने बहनोई संजीव कुमार के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। लक्सर रोड पर जेके टायर फैक्ट्री के पास पीछे से आई एक गाड़ी ने उनकी कार को ओवरटेक किया। कार में सवार व्यक्ति ने खिड़की से हाथ मारकर आगे निकलने का प्रयास किया। बाद में पता चला कि वह गाड़ी पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की थी।
23 जून को जब इस मामले को लेकर संजीव कुमार ने पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन से फोन पर बात की, तो आरोप है कि चैंपियन ने करीब 3.47 मिनट तक लगातार फोन पर मां-बहन की बेहद गन्दी गालियां दीं। आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक ने पीड़ित के घर 10 लोग भेजकर घर की महिलाओं के साथ बलात्कार कराने की धमकी दी और लगातार जान से मारने की बात कही।
आरोप है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पूर्व विधायक ने जातिगत रूप से अपमानित करने के उद्देश्य से अत्यंत आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित ने तहरीर में पूर्व विधायक को दबंग और गुंडा किस्म का व्यक्ति बताते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। लक्सर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत कर लिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच अधिकारी के रूप में देवेंद्र सिंह नेगी (पुलिस उपाधीक्षक/उप पुलिस अधीक्षक) को नियुक्त किया गया है।

