सिरौलीकलां में अवैध पशु कटान का खुलासा, 10 गिरफ्तार

– छह कुंतल मांस बरामद, पुलिस ने चार पशुओं को कराया मुक्त

– पुलभट्टा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर की कार्रवाई

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

किच्छा। सिरौलीकलां में अवैध पशु कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलभट्टा पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह गांव में अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब छह कुंतल मांस बरामद किया गया। मौके से चार पशुओं को भी मुक्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार, सिरौलीकलां में अवैध पशु कटान की शिकायतें मिल रही थीं। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और सीओ सितारगंज के निर्देशन में पुलभट्टा थाने की दो टीमें गठित की गईं।

दोनों टीमों ने 26 अक्टूबर की सुबह गांव में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से करीब छह कुंतल मांस जब्त करने के साथ चार पशुओं को मुक्त कराने की जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सिरौलीकलां निवासी नईम उर्फ मुन्ना (27), रशीद (65), कलुवा (36), सलमान (29), अशरफ कुरैशी (करीब 40) और सलील अहमद कुरैशी (करीब 45) शामिल हैं। इनके अलावा कासिम (करीब 18), बहेड़ी निवासी मुजिम (28), देवरनिया क्षेत्र के साहिद (35) और किच्छा निवासी फईम (29) को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement