– रुद्रपुर में इमिग्रेशन एजेंसी संचालक गिरफ्तार
– आरोप: न वीजा मिला, न वर्क परमिट और न ही वापस किए दस्तावेज
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर धोखाधड़ी करने के आरोप में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक इमिग्रेशन एजेंसी संचालक को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उसके बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 20 हजार रुपये, पासपोर्ट और शैक्षणिक दस्तावेज लिए, लेकिन न तो उसे विदेश भेजा और न ही दस्तावेज वापस किए। पुलिस ने आरोपी के कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सहदौरा, पोस्ट बरा, थाना पुलभट्टा निवासी शमशेर पुत्र रहीश अहमद ने 24 अक्टूबर को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात मो. अलीम से हुई थी। आरोपी ने वीजा और वर्क परमिट के माध्यम से उनके बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
आरोप है कि भरोसा करके शमशेर ने अपने बेटे की कंप्यूटर डिप्लोमा की मार्कशीट, पासपोर्ट और 20 हजार रुपये आरोपी को सौंप दिए। इसके बावजूद बेटे को विदेश में नौकरी के लिए नहीं भेजा गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने वीजा, वर्क परमिट और शैक्षणिक दस्तावेज भी वापस नहीं किए।
शिकायत के आधार पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और उत्प्रवास अधिनियम की धारा 10/24 के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मो. अलीम (29) पुत्र जमील अहमद, निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर को उसके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का कार्यालय आवास विकास क्षेत्र में चार साहिबजादे चौक के पास स्थित जेड ग्लोबल कैरियर इमीग्रेशन सर्विस के नाम से संचालित था। पुलिस ने कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद ऊधमसिंह नगर पुलिस ने लोगों से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति या इमिग्रेशन एजेंसी को रकम देने से पहले उसकी विश्वसनीयता और आवश्यक पंजीकरण की जांच करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि धोखाधड़ी का सामना करने पर तत्काल सूचना दें।




