– नेपाल भागने से पहले पकड़ा गया आरोपी और साथी
– छात्राओं की निजी जानकारी और फोटो साझा करने का आरोप
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। दिनेशपुर क्षेत्र में एक शिक्षण संस्थान की छह छात्राओं से छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि छात्राओं की निजी जानकारी, मोबाइल नंबर और फोटो साझा कर उन्हें निशाना बनाया गया। मामले में गला काटने और तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां देने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर दिनेशपुर पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले आरोपी मो. बिलाल ने छह छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और फोटो अपने साथी अनस के साथ साझा किए थे। आरोप है कि इसके बाद छात्राओं के साथ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी हैं। शिकायत करने पर भी छात्राओं को धमकाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत की जानकारी मिलने के बाद मुख्य आरोपी अनस फरार होने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर उसे नेपाल सीमा के निकट बनबसा से गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी मो. बिलाल को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस (22) निवासी बिसरख क्षेत्र और मो. बिलाल (20) निवासी खेमपुर, जिला रामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अब छात्राओं की निजी जानकारी साझा करने, आरोपियों के संपर्कों और मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा और निजता का ध्यान रखते हुए मामले की विवेचना की जा रही है।




