– एसटीएफ और किच्छा पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की कुमाऊं इकाई और किच्छा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सात किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी झारखंड से अफीम खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।
एसटीएफ की कुमाऊं इकाई और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने किच्छा क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खलीक अहमद निवासी आरिफपुर नवादा, बदायूं (उत्तर प्रदेश) और जीतेन्द्र निवासी शांति बिहार, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सात किलो 50 ग्राम अफीम बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अफीम झारखंड से खरीदकर लाने की जानकारी दी है। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की आपूर्ति कहां से की गई और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आपूर्ति के स्रोत और नशे की खेप को खपाने से जुड़े संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




