– बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
भीमताल। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को कार्यालयों से बाहर निकलकर धरातल पर काम करना होगा। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में नैनीताल जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और आमजन तक पहुंच की समीक्षा की गई। रामपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति को मिले। इसके लिए विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश भी दिए। कहा कि जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रश्मि पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेख बिष्ट, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




