


– पुलिस ने बरामद की कार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। दोस्ती को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने आर्थिक तंगी से जूझ रहे दोस्त की मदद के लिए इनोवा कार फाइनेंस कराकर दी। जालसाज दोस्त ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर वही कार केरल में बेच दी। कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बेची गई कार को केरल से बरामद कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किच्छा के माता फार्म नजीमाबाद निवासी जसवीर सिंह की रुद्रपुर के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी केवल दुआ से गहरी दोस्ती थी। केवल दुआ आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। दोस्त की मदद के इरादे से जसवीर सिंह ने करीब एक साल पहले अपने नाम पर बैंक से फाइनेंस कराकर इनोवा कार खरीदी थी।जसवीर ने यह कार अपने दोस्त केवल दुआ को सिडकुल की एक कंपनी में चलाने के लिए सौंप दी, ताकि वह गाड़ी से कमाई कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर सके और कार की मासिक किस्त भी भरता रहे।
आरोप है कि केवल दुआ ने कार की केवल दो किस्तें भरीं और इसके बाद उसकी नीयत बदल गई। वह कार लेकर दिल्ली पहुंचा, जहां उसने गाड़ी के फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और उसे केरल के रहने वाले मोहम्मद तंजीर नाम के व्यक्ति को बेच दिया। किस्त न भरने और कार गायब होने पर जसवीर सिंह को ठगी का अहसास हुआ। जसवीर की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 25 मार्च को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बेची गई इनोवा कार केरल के कासरगोड जिले के बेकल थाना क्षेत्र में देखी गई है। सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत केरल के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार को सकुशल बरामद कर लिया और रुद्रपुर ले आई। पुलिस ने बरामद कार को कब्जे में ले लिया है और धोखाधड़ी कर कार बेचने वाले मुख्य आरोपी केवल दुआ की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

