


– पुलिस पर झोंका था फायर, जवाब में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
– युवती का अपहरण कर किया था गैंगरेप
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रूद्रपुर। क्षेत्र में हुए चर्चित गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान अपराधियों की ओर से हुई फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली लगने से मुख्य आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति खुद जिला अस्पताल पहुंचे और घायल अभियुक्त से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार 27 जुलाई की देर रात कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की टीम चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से ही तीनों आरोपियों को दबोच लिया। घायल आरोपी को तुरंत पुलिस हिरासत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसके दो और साथियों को गिरफ्तार किया गया। तीनों अभियुक्तों की पहचान गुरबाज उर्फ मानु (23 वर्ष) निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, जोगा सिंह (24 वर्ष) निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश और रविंदर (19 वर्ष) निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। उधमसिंह नगर पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

