– शौचालय गया मकान मालिक, पीछे से सफाई कर गया चोर
– 10 चोरी के मोबाइलों के साथ 19 साल का आरोपी गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 10 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि 24 सितंबर को राजा कॉलोनी, ट्रांजिट कैंप निवासी महेंद्र पाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह जब वह शौचालय गए थे, तभी उनके कमरे में रखा मोबाइल फोन कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना उप-निरीक्षक मनोज कुमार के सुपुर्द की।
प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिडकुल जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध युवक को टीम ने मुस्तैदी से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज (19 वर्ष) निवासी ग्राम मुबारकपुर, थाना केमरी, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से पीड़ित का चोरी हुआ विवो मोबाइल बरामद हुआ।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी के पास मौजूद एक सफेद रंग के थैले की तलाशी ली गई, जिसमें से विभिन्न नामी कंपनियों के 09 अन्य चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा बरामद मोबाइलों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




