विधायक शिव अरोरा ने किया भूरारानी–शांति विहार–छतरपुर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ

– 2.47 करोड़ की लागत से बनेगी 5 किमी हॉटमिक्स सड़क

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। भूरारानी–शांति विहार–छतरपुर मार्ग से आवागमन करने वाले क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 12 से 15 वर्षों से जर्जर हाल पड़े इस मार्ग के नवनिर्माण कार्य का रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने शुक्रवार को विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। राज्य योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा 2.47 करोड़ रुपये की लागत से 5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का हॉटमिक्स निर्माण कराया जा रहा है।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह मार्ग सिडकुल-हल्द्वानी मार्ग को जोड़ता है और स्थानीय लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्षों से गड्ढों में तब्दील हो चुकी इस सड़क के कारण लोगों को भारी दिक्कतों और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में नई कॉलोनियां बसने से यातायात का दबाव बढ़ा था, जिसे देखते हुए दो वर्ष पूर्व जनता से किए गए वादे को पूरा करते हुए उन्होंने इस प्रस्ताव को राज्य योजना से स्वीकृत कराया।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस सड़क के बनने से हजारों लोगों को सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही, विधायक ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।

मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक शिव अरोरा का मिष्ठान खिलाकर आभार जताया। इस अवसर पर छतरपुर प्रधान हरीश भट्ट, धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, गुलाब सिरोही, दीपनारायण मौर्य, साहब सिंह, शमशेर सिंह शेरा, गोविन्दर सिंह, हरदयाल सिंह, गुरमेज सिंह, प्रदीप नामधारी, आसदीप नामधारी, मनोज चौबे सहित भारी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद

रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement