


लोनिवि अफसरों को अल्टीमेटम, बोले- बर्दाश्त नहीं होगा ढीला रवैया
भूरारानी, मुकरांदपुर और केसरपुर मार्ग का काम एक हफ्ते में शुरू करने के कड़े निर्देश।
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। त्रिशूल चौक स्थित लोक निर्माण विभाग (लो.नी.वि.) कार्यालय में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में विधायक ने कई सड़कों के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दो टूक शब्दों में अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे अपने सबसे महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार का ढीला रवैया बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सोमवार को हुई बैठक में मुख्य रूप से त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक होने वाले 8-लेन सड़क चौड़ीकरण के कार्य की समीक्षा की गई। पहले चरण में डीडी चौक तक होने वाले इस कार्य की सुस्त रफ्तार पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों और विभागों के बीच आपसी तालमेल न होने के कारण काम धीमा रहा।
इस समस्या को दूर करने के लिए कुछ समय पूर्व जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उन्होंने खुद सभी विभागों का समन्वय स्थापित करवाया था ताकि काम को गति मिल सके।
विधायक ने पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि पीएसी से मेडिकल कॉलेज तक के चौड़ीकरण कार्य का एस्टीमेट बनाकर विकास प्राधिकरण को भेजा जाए, ताकि उसकी धनराशि जारी कराकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा सके। विधायक ने सख्त लहजे में कहा कि यह कार्य तेज गति से शुरू होकर 2026 में ही पूर्ण होना चाहिए।
उन्होंने रिंग रोड के बाद त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज मार्ग को रुद्रपुर का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए अन्य स्वीकृत सड़कों पर भी तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। वह लगातार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पैरवी कर ऐसी सड़कों के लिए करोड़ों का बजट ला रहे हैं, जो पिछले 10 सालों से जर्जर हाल में थीं और जिनकी सुध किसी जनप्रतिनिधि ने नहीं ली थी।
बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह, एई बसेड़ा, मयंक कक्कड़ सहित पीडब्ल्यूडी विभाग के कई अधिकारी और मुख्य लोग मौजूद रहे।

