


युवा संवाद में जेनरेशन-जेड ने रखे बेबाक सुझाव
मेयर ने कहा, हर अच्छे विचार पर होगा अमल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। शहर आने वाले समय में कैसा होगा और विकास की दौड़ में इसकी रफ्तार क्या होगी, इसका खाका अब शहर की युवा आबादी तैयार करेगी। महापौर विकास शर्मा की अनूठी सोच से उपजे नई सोच नया रुद्रपुर युवा संवाद-2026 ने शहर के इतिहास में युवाओं की भागीदारी का एक नया अध्याय लिख दिया है।
रविवार को होटल रेडिशन में आयोजित संवाद में जेनरेशन-जेड और छात्र-छात्राओं ने न केवल शहर की नब्ज टटोली, बल्कि रुद्रपुर को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने का पूरा रोडमैप प्रशासन के सामने रख दिया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन महापौर विकास शर्मा और अन्य प्रबुद्ध अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। पूरे कार्यक्रम को अलग-अलग तकनीकी सत्रों में बांटा गया था, जिससे संवाद पूरी तरह परिणाम-केंद्रित रहा।
अगर मैं मेयर होता… जब युवाओं ने संभाली ‘प्रशासनिक कमान
पहले सत्र में युवाओं ने कल्पना की कि यदि नीति-निर्धारण की कमान उनके हाथ में हो, तो वे रुद्रपुर को कैसे बदलेंगे। इस दौरान युवाओं के विजन ने विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया। युवाओं ने एक ऐसा सेंट्रलाइज्ड डिजिटल डैशबोर्ड और मोबाइल ऐप बनाने का सुझाव दिया, जहां नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करें और उन्हें लाइव ट्रैकिंग (समाधान की अपडेट) मिलती रहे। पारंपरिक शिक्षा के बजाय स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, कम्युनिकेशन स्किल्स और जॉब-ओरिएंटेड तकनीकी शिक्षा को अनिवार्य करने की मांग उठी। साथ ही उच्च शिक्षा के लिए पलायन रोकने हेतु शहर में ही बड़े सरकारी संस्थान और फ्री कोचिंग की आवश्यकता बताई गई। शहर के हर कोने, विशेषकर छोटी गलियों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी का जाल बिछाने और बेटियों की सुरक्षा के लिए एक ‘क्विक रिस्पॉन्स काउंसिल’ बनाने का आइडिया सामने आया।
मेंटल हेल्थ अवेयरनेस की जरूरत पर बल
एक छात्रा ने आज के दौर की सबसे बड़ी जरूरत को रेखांकित करते हुए कहा कि युवाओं को डिप्रेशन से बचाने और उनकी मेंटल हेल्थ को बूस्ट करने के लिए नगर निगम को विशेष काउंसलिंग अभियान चलाना चाहिए।
यूथ वॉइस स्पॉटलाइट : केवल शिकायतें नहीं, ऑन-स्पॉट समाधान भी
दूसरे सत्र में युवा केवल समस्याओं की फेहरिस्त लेकर नहीं आए थे, बल्कि उनके पास अपनी बात को साबित करने के लिए ठोस डेटा और समाधान थे। मनीष सिन्हा ने सुझाव दिया कि शहर में बेतरतीब दौड़ रहे ई-रिक्शा के रूट तय हों, उनकी संख्या सीमित की जाए और भारी वाहनों की एंट्री का समय कड़ाई से तय हो। वहीं सौरभ ने बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने की बात कही।आरुषी अरोरा ने पर्यावरण के मुद्दे पर जापान की प्रसिद्ध मियावाकी तकनीक के जरिए अर्बन फॉरेस्ट (शहरी वन) विकसित करने का सुझाव दिया, ताकि रुद्रपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहतर हो सके। रोटरी क्लब से जुड़े युवाओं ने कल्याणी नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए सिडकुल की फैक्ट्रियों के केमिकल युक्त पानी को रोकने हेतु एक अत्याधुनिक अंडरग्राउंड पाइपलाइन और एडवांस एसटीपी ग्रिड बनाने का खाका पेश किया।
लाइव ऑडियंस पोल: स्किल और रोजगार ही सबसे बड़ी प्राथमिकता
कार्यक्रम के दौरान एक लाइव पोल कराया गया। इसमें जब युवाओं से पूछा गया कि अगले 5 वर्षों में रुद्रपुर की सबसे बड़ी चुनौती या प्राथमिकता क्या होनी चाहिए? तो सबसे बड़ा वोट बैंक एजुकेशन, स्किल डेवलपमेंट और यूथ अपॉर्चुनिटी के पक्ष में गया, जो साफ करता है कि युवा अब आत्मनिर्भर बनने की ओर देख रहे हैं।
मेयर का ऐलान: युवाओं की कमिटी लेगी फैसले, बजट की कोई कमी नहीं
महापौर विकास शर्मा ने मंच से कई बड़ी घोषणाएं कीं और शहर के लिए चल रहे प्रोजेक्ट्स का ब्योरा दिया। कहा कि नगर निगम जल्द ही युवाओं की एक विशेष कमेटी गठित करेगा। यह कमेटी शहर के विकास कार्यों की समीक्षा करेगी और इनके अच्छे सुझावों को सीधे प्रोजेक्ट्स में शामिल किया जाएगा। नमामि गंगे योजना के तहत कल्याणी नदी के कायाकल्प के लिए 300 करोड़ का प्रोजेक्ट केंद्र को भेजा गया है। सिडकुल एसटीपी का 90% काम पूरा हो चुका है, जिससे नदी में गंदा पानी गिरना बंद हो जाएगा। गंगापुर रोड की दो नहरों पर रिवर फ्रंट भी बन रहा है। शहर की सबसे बड़ी समस्या जलभराव के परमानेंट इलाज के लिए 296 करोड़ का ड्रेनेज मास्टरप्लान तैयार है, जिसमें से ₹100 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं। तीन पानी डैम का जीर्णोद्धार भी शुरू हो गया है। किच्छा रोड पर आठ एकड़ में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और युवाओं के लिए मल्टीफेसिलिटी बिल्डिंग का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। ट्रैफिक को स्मूथ करने के लिए शहर में जल्द ही ‘ईवी (इलेक्ट्रिक) बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा बजाज के सहयोग से 3 करोड़ के स्किल प्रोजेक्ट के तहत युवतियों को फ्री ट्रेनिंग दी जा रही है।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर को उत्तराखंड का नंबर वन शहर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।

कार्यक्रम का बेहद जीवंत संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल और रवि सिडाना ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर पारस चुघ, गौरव जुयाल, चिराग कालरा, अजय चड्ढा, भरत शाह, राजन राठौर, मोहन तिवारी, कृतिका सिंह, मौलिक, मानस बोरा, भावेश मथेला, जतिन खत्री, महिमा कुमारी, प्रभजोत कौर सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र, युवा उद्यमी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

