फर्जी दस्तावेजों से एमबीबीएस दाखिले का खेल! गदरपुर में दो गिरफ्तार

– फर्जी आधार, राशन कार्ड, खतौनी और परिवार रजिस्टर तक तैयार किए

– मोबाइल-लैपटॉप समेत डिजिटल साक्ष्य बरामद

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

गदरपुर। ऊधमसिंहनगर के गदरपुर में फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के कथित प्रयास का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पांच छात्रों से जुड़े दस्तावेजों में फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और बिजली बिल के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है।

राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर पर 25 सितंबर को कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों द्वारा फर्जी स्थायी निवास, जाति और अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर उनका लाभ लेने की कोशिश की गई।

जांच के दौरान नाम सामने आने पर शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा निवासी पुरानी मंडी, वार्ड-10 गदरपुर और निखिल वर्मा निवासी वार्ड-11, गदरपुर। को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उनके आधार पर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के लिए आपराधिक षडयंत्र रचने का आरोप सामने आया है।

मोबाइल और लैपटॉप से खुलेंगे राज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दो मोबाइल फोन, एचपी एलिटबुक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक एसएसडी बरामद की है। आरोपियों के मोबाइल में मिली रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को पुलिस ने विवेचना में शामिल करना शुरू कर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और दाखिले के इस कथित खेल में और कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक, साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement