ज्वालापुर धोखाधड़ी कांड: 50 हजार का ईनामी देवेन्द्र आगरा से गिरफ्तार

एसटीएफ उत्तराखंड को मिली बड़ी सफलता

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ,  सीबीसीआईडी और यूपी एसटीएफ के संयुक्त ऑपरेशन में 50 हजार के इनामी अपराधी देवेन्द्र प्रकाश तिवारी को आगरा से गिरफ्तार किया है।

दरअसल, साल 2018 में हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड कंपनी ने स्थानीय नागरिकों को आर.डी. और फिक्स्ड डिपॉजिट के नाम पर निवेश का लालच दिया। कंपनी के संचालकों ने विभिन्न बॉन्ड और सर्टिफिकेट जारी कर जनता से लाखों रुपये ठगे और फरार हो गए। इस संबंध में थाना कोतवाली ज्वालापुर में धोखाधड़ी और चिट फंड अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने कंपनी के दो मुख्य संचालकों अनिल कुमार तिवारी और देवेन्द्र प्रकाश तिवारी पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया था। अनिल कुमार पूर्व में ही पकड़ा जा चुका था, लेकिन देवेन्द्र तिवारी 2018 से ही अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

एसएसपी एसटीएफ श्री अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पिछले एक महीने से तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों का जाल बिछाया गया था। पुख्ता सूचना मिलते ही एसटीएफ उत्तराखंड, सीबीसीआईडी और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आगरा के थाना डोंकी क्षेत्र में घेराबंदी कर देवेन्द्र प्रकाश तिवारी निवासी हंसपुरम नौबस्ता, कानपुर और हाल निवासी  ग्राम तोस, थाना जैत, मथुरा को गिरफ्तार किया।

अभियुक्त को गिरफ्तार कर कोतवाली ज्वालापुर में दाखिल किया गया है। टीम में निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, सीबीसीआईडी से निरीक्षक वेदप्रकाश थपलियाल और उत्तर प्रदेश एसटीएफ के उपनिरीक्षक राहुल परमार की टीमों ने अहम भूमिका निभाई।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement