पूर्वांचल समाज को महापौर का बड़ा तोहफा

Share News

रुद्रपुर में नगर निगम बनाकर देगा पूर्वांचल भवन

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। क्षेत्र में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लिए अच्छी खबर है। समाज की सालों पुरानी मांग को पूरा करते हुए महापौर विकास शर्मा ने बुधवार को एक बड़ा ऐलान किया है। अब रुद्रपुर में पूर्वांचल समाज का अपना स्थायी भवन होगा, जिसे नगर निगम खुद अपने खर्च पर बनाकर देगा।

बुधवार को पूर्वांचल समाज का प्रतिनिधिमंडल महापौर के पास जमीन आवंटित करने की मांग लेकर पहुंचा था। महापौर विकास शर्मा ने न सिर्फ जमीन देने, बल्कि उस पर नगर निगम की ओर से एक शानदार कम्युनिटी हॉल (पूर्वांचल भवन) का निर्माण कराने की भी घोषणा कर दी। इस बड़ी सौगात से गदगद पूर्वांचल समाज के लोगों ने महापौर को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका जोरदार सम्मान किया।

नगर निगम कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को समाज के इतिहास से रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आह्वान पर हजारों पूर्वांचलवासी और स्वतंत्रता सेनानी परिवार इस दलदली व जंगली तराई क्षेत्र को बसाने आए थे। कठिन परिस्थितियों में संघर्ष कर इस समाज ने उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक उन्नति में बहुत बड़ा योगदान दिया है। वर्तमान में यहां हजारों पूर्वांचलवासी रहते हैं, लेकिन अपना कोई स्थायी भवन न होने के कारण उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों जैसे बैठकें, रक्तदान शिविर, छात्र मार्गदर्शन के आयोजन में काफी दिक्कतें आती थीं।

महापौर विकास शर्मा ने पूर्वांचल समाज की इस मांग को पूरी तरह जायज ठहराया। उन्होंने कहा, “पूर्वांचल समाज केवल भूमि का नहीं, बल्कि एक सम्मानजनक पहचान का हकदार है।” महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और आशीर्वाद से रुद्रपुर नगर निगम शहर में 7 नए कम्युनिटी सेंटर स्थापित करने जा रहा है, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इन्हीं में से एक कम्युनिटी सेंटर पूरी तरह से पूर्वांचल समाज को समर्पित किया जाएगा। यह भवन पूर्वांचल के किसी महान महापुरुष या समाज की इच्छा के अनुसार नाम पर रखा जाएगा। महापौर ने यह भी याद दिलाया कि नगर निगम इससे पहले बंगाली समाज के लिए भी ‘बंग भवन’ की पहल कर चुका है। कहा कि पूर्वांचल समाज की आस्था को देखते हुए शहर में 6 नए छठ घाटों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, ताकि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। महापौर ने चुनाव के दौरान पूर्वांचल समाज से मिले समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना और हर वर्ग को साथ लेकर शहर का सर्वांगीण विकास करना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वहां पर पूर्वांचल समाज के अध्यक्ष जेबी सिंह, धीरेंद्र मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, राकेश सिंह, सर्वजीत कुमार सिंह, नंद लाल शर्मा, मोहन तिवारी, विपिन कुमार, देवेंद्र शाही, निशांत शाही, राजेश कुमार, दुर्गेश, अभिषेक, विशाल, जयंत सिंह समेत समाज के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *