पंतनगर विवि में ठेका कर्मी पर नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप, तीन मुकदमें दर्ज

देर रात तक कोतवाली में हंगामा, कुलपति समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे

परिजनों और प्राध्यापकों के दबाव के बाद हुई कार्रवाई, गिरफ्तार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

पंतनगर। जीबी पंत विश्वविद्यालय परिसर में पांच नाबालिग बच्चियों से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद बुधवार देर रात तक पंतनगर कोतवाली में हंगामे की स्थिति बनी रही। परिजनों, स्थानीय लोगों, महिलाओं और विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापकों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने पांच पीड़िताओं की ओर से दी गई तीन अलग-अलग तहरीरों के आधार पर विश्वविद्यालय में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत दीपक शर्मा के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कुछ नाबालिग बच्चियां विश्वविद्यालय परिसर में घूम रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान वेटरिनरी कॉलेज में कार्यरत ठेका कर्मी दीपक शर्मा ने उनके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया। बच्चियों ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पंतनगर कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। देर रात तक कोतवाली में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय के अपर निदेशक प्रशासन डॉ. ए.के. शर्मा, सुरक्षा अधिकारी डॉ. पी.वी. सिंह सहित कई प्राध्यापक भी कोतवाली पहुंचे। बाद में कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पंतनगर विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में इस प्रकार की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने परिसर में बच्चियों और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement