रुद्रपुर के रमपुरा की बदहाल सड़क का निर्माण शुरू

विधायक शिव अरोरा ने मौके पर खड़े होकर कराया काम का आगाज

​तीन वार्डों से गुजरने वाली इस सड़क से हजारों लोगों को मिलेगी राहत

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। रमपुरा के लोगों को विधायक शिव अरोरा ने एक बड़ी राहत दी है। कटोरी मंदिर से चंद्रपाल किराना स्टोर तक जाने वाली बेहद महत्वपूर्ण सड़क, जो पिछले 2 वर्षों से अधिक समय से खस्ताहाल थी, का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। इस जर्जर मार्ग के कारण स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो चुका था और जनता लंबे समय से इसके निर्माण की मांग कर रही थी।

विधायक शिव अरोरा ने बृहस्पतिवार सुबह खुद मौके पर पहुंचकर अपनी देखरेख में सड़क निर्माण का कार्य शुरू करवाया। सड़क का काम शुरू होते ही क्षेत्रवासियों के चेहरे खिल उठे। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय पार्षदों और जनता ने विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और उनका आभार जताया। ​इस अवसर पर विधायक ने कहा कि जनसेवा का संकल्प लेकर वे समग्र रुद्रपुर विधानसभा के विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मार्ग रमपुरा की लाइफ लाइन है जो 3 वार्डों से होकर गुजरती है और रोजाना हजारों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। मैंने वादा किया था कि रमपुरा मेरा परिवार है और इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। आज अपने वादे को पूरा करते हुए मैंने स्वयं मौके पर खड़े होकर काम शुरू करवाया है। विधायक निधि से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सीसी सड़क पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण होगी, जिससे लोगों को हमेशा के लिए इस बदहाल रास्ते से निजात मिल जाएगी।

बताया कि रमपुरा में स्थित बारातघर के विस्तारीकरण और सौंदर्यकरण के कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर लिया गया है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। आने वाले समय में इसका काम भी जल्द शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के निर्धन परिवारों को शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतरीन और आधुनिक स्थान मिल सकेगा।

वहां पर वार्ड 21 के पार्षद गिरीश पाल, वार्ड 22 के पार्षद पति चंद्रसेन चंदा, वार्ड 23 के पार्षद पति राजू कोली, नामित पार्षद राजकुमार कोली, पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्म सिंह कोली, डॉ. महेश कोली, सौरभ गुप्ता, राज कोली, त्रिलोक कोली, सुदामा कोली, जीतेन्द्र मौर्य, राजू कोली, अर्पित सिंह, रामवती, प्रभा देवी, सुषमा, मयंक कक्कड़, मनोज मदान, सन्नी पासवान सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement