पुलिस पर कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप

एसएसपी से मिला कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। नगर कांग्रेस कमेटी गदरपुर के अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), उधम सिंह नगर को एक शिकायती पत्र सौंपकर गदरपुर पुलिस पर बर्बरता, अभद्रता और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया कि 31 जुलाई को मुख्यमंत्री के गदरपुर आगमन के दौरान, कांग्रेस कार्यकर्ता चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपने के लिए शांतिपूर्ण ढंग से मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे थे। आरोप है कि गदरपुर थाना पुलिस ने संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की।

पत्र के अनुसार, विरोध-प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रदेश सचिव शिल्पी अरोरा और प्रार्थी सिद्धार्थ भुसरी को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि पुलिस ने बलपूर्वक मान-मर्दन करते हुए घसीटकर कोतवाली पहुंचाया और चोटिल होने के बावजूद उन्हें किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। इसके बाद, पुलिस ने पुराने वाद का बहाना बनाकर प्रार्थी को हवालात में बंद कर दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने राजनीतिक विद्वेष और सामाजिक छवि धूमिल करने के उद्देश्य से प्रार्थी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से गदरपुर कोतवाली के एसआई संजय सिंह बोहरा, मुकेश मिश्रा और अन्य दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराकर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।

वहां पर पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, ब्लॉक अध्यक्ष चंदन नियाल, गदरपुर विधानसभा प्रभारी परिमल राय, गूलरभोज कांग्रेस अध्यक्ष किशोर सामंत, दिनेशपुर कांग्रेस अध्यक्ष नारायण हालदार, मोहनखेड़ा, संजय जुनेजा, किशोर कुमार, मिकी भगत, अजय गाबा, सतवीर सिंह, सुमित बैरागी, बलराज कुमार सहित कई प्रमुख कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement