15 मुकदमों का आरोपी गैंगस्टर रईस का हाफ-एनकाउंटर

2 साल से चल रहा था फरार, चाय बागान में गूंजी गोलियां

 

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली प्रेमनगर पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। घायल बदमाश पिछले दो वर्षों से गोकशी के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और गोकशी के औजार बरामद किए हैं।

एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर 12-13 अगस्त की दरमियानी रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से आ रही एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। बाइक सवार रुकने के बजाय वाहन को तेजी से भगाते हुए चाय बागान की ओर भाग निकले। कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ ही पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बदमाशों ने पितांबरपुर बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़ी और बागान में छिपने का प्रयास किया।

पुलिस टीम को करीब आता देख बदमाशों ने जान से मारने की नियत से सीधी फायरिंग झोंक दी, जिससे पुलिस का सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। वहीं, उसका साथी नवाब निवासी सहारनपुर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान रईस (26 वर्ष) पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी (सहारनपुर) हाल निवासी आजाद कॉलोनी, छुटमलपुर, थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

दो साल बाद फिर गोकशी की फिराक में आया था दून

पूछताछ में घायल रईस ने स्वीकार किया कि वह और उसका साथी नवाब प्रेमनगर के चाय बागान (टी-स्टेट) इलाके में बेसहारा मवेशियों की रेकी कर गोकशी की घटना को अंजाम देने आए थे। उसने बताया कि वर्ष 2024 में उसने अपने चार साथियों के साथ प्रेमनगर क्षेत्र में गोकशी की थी। उस समय उसके साथियों को पुलिस ने जेल भेज दिया था, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। पहचान छिपाने और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने बाइक की नंबर प्लेट भी हटा रखी थी।

**तमंचा, कुल्हाड़ी व गोकशी के औजार बरामद**

पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक कुल्हाड़ी, एक चापड़, दो छुरी, नाइलोन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

उत्तराखंड और यूपी में दर्ज हैं 15 गंभीर मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रईस के खिलाफ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और उत्तराखंड के देहरादून व हरिद्वार (रानीपुर, डोईवाला) में गैंगस्टर एक्ट, गौवंश संरक्षण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले (धारा 307) सहित संबंधित धाराओं में नया मामला दर्ज कर फरार साथी नवाब की गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग अभियान तेज कर दिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement