रुद्रपुर को बड़ी सौगात: मोदी मैदान में बनेगा 23.32 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक इंडोर-आउटडोर स्टेडियम

– रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने सीएम से कराई थी घोषणा

– युवाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्लेटफॉर्म

– हल्द्वानी-काठगोदाम में सड़कों के सुधार के लिए भी 15 करोड़ स्वीकृत

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के बुनियादी ढांचे और खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठकों में दो अहम जनहितैषी निर्णयों को मंजूरी दी गई। इसमें रुद्रपुर के प्रसिद्ध मोदी मैदान में 23.32 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इंडोर और आउटडोर स्टेडियम का निर्माण तथा हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की सड़कों के सुधार के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है।

रुद्रपुर के मोदी मैदान के 8.594 हेक्टेयर में विशाल खेल परिसर बनेगा। कुल 9.1915 हेक्टेयर भूमि में से 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र में आधुनिक स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। दो तरफ मुख्य मार्ग होने के कारण यहाँ आवागमन सुगम रहेगा। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, ऊधमसिंहनगर द्वारा तैयार आगणन का नियोजन विभाग द्वारा परीक्षण किए जाने के बाद 2332.05 लाख रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण माना गया। परियोजना के निर्माण का जिम्मा उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को सौंपा गया है। इसके लिए भूमि को खेल विभाग से आवास विभाग के नाम स्थानांतरित कर दिया गया है।

स्टेडियम में युवाओं को फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन समेत अनेक खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही इसे बड़े सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों के अनुकूल भी विकसित किया जाएगा।

विधायक शिव अरोरा ने जताई थी जरूरत

रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मुख्यमंत्री से मोदी मैदान में स्टेडियम निर्माण की मांग की थी, जिस पर अब तेजी से अमल शुरू हो चुका है।

हल्द्वानी-काठगोदाम में सुधरेंगी क्षतिग्रस्त सड़कें

बैठक में हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के जीर्णोद्धार और सुधार के लिए अवस्थापना विकास निधि से 15 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है। इससे स्थानीय निवासियों को गड्ढामुक्त सड़कें और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।

औद्योगिक नगरी के साथ स्पोर्ट्स हब बनेगा रुद्रपुर

रुद्रपुर को अब तक राज्य की प्रमुख औद्योगिक नगरी के रूप में जाना जाता था, लेकिन इस अत्याधुनिक स्टेडियम के बनने से यह क्षेत्र उभरती खेल प्रतिभाओं के केंद्र के रूप में भी अपनी नई पहचान बनाएगा। स्थानीय खिलाड़ियों को अब राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए अपने ही शहर में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement