2 लाख की चरस और स्मैक संग 3 तस्कर गिरफ्तार

– नशे के सौदागरों पर उधम सिंह नगर पुलिस का प्रहार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। जिले के पुलभट्टा और रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में 3 शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चरस और स्मैक बरामद की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार थाना पुलभट्टा पुलिस ने सितारगंज रोड, किच्छा हाईवे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार दो अभियुक्तों को दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से 1 किलो 20 ग्राम (शुद्ध वजन) चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये से अधिक है। गिरफ्तार शिवम शर्मा निवासी बंडिया भट्टा, किच्छा से 607 ग्राम और प्रदीप कुमार निवासी बंडिया भट्टा, किच्छा से 416 ग्राम चरस बरामद हुई है।

इधर, कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने गश्त के दौरान आश्रम पद्धति विद्यालय के पास से एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 12.19 ग्राम अवैध स्मैक और बिक्री के 1,810 रूपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज खान निवासी वार्ड नं. 26, सीरगोटिया, रुद्रपुर है। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह खुद नशे का सेवन करता है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए स्मैक की तस्करी करता है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement