रुद्रपुर में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग

– महापौर ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को भेजा पत्र

– गरीब रथ के फेरे बढ़ाने और काउंटर टाइमिंग की मुद्दा उठाया

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। कुमाऊं क्षेत्र, विशेषकर रुद्रपुर के यात्रियों, व्यापारियों, मजदूरों और श्रद्धालुओं को हो रही रेल संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। महापौर ने क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने और सुविधाओं के विस्तार के लिए तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं।

महापौर ने काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस के संचालन के फेरे बढ़ाने की मांग की है। वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन (मंगलवार) चलती है। इसके कारण यात्रियों को माता वैष्णो देवी, जम्मू तवी, लुधियाना, जालंधर और ब्यास जाने के लिए टिकट मिलने में भारी कठिनाई होती है। कई बार मजबूरी में रामपुर या मुरादाबाद से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। महापौर ने जनहित में इसे सप्ताह में 3 दिन संचालित करने का अनुरोध किया है।

उन्होंने व्यापारिक व धार्मिक यात्राओं के महत्व को देखते हुए ट्रेन संख्या 15016 लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस को भी सप्ताह में एक दिन के बजाय सातों दिन (प्रतिदिन) चलाने का सुझाव दिया गया है। महापौर ने मांग की है कि लालकुआं से प्रस्थान का समय शाम 7 बजे और अमृतसर से वापसी रात 9 बजे तय की जाए। साथ ही ट्रेन की गति बढ़ाकर 12 घंटे की यात्रा अवधि को कम किया जाए ताकि यात्री सुबह जल्दी पहुंच सकें।

पूर्वोत्तर रेलवे (इज्जत नगर मंडल) द्वारा रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर के समय में की गई कटौती पर महापौर ने कड़ी आपत्ति जताई है। पूर्व में सुबह 8 से रात 8 बजे तक खुलने वाले काउंटर का समय पहले घटाकर शाम 5 बजे और अब शाम 4 बजे कर दिया गया है।

शाम 4 बजे के बाद आने वाले यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुक करने की सलाह देकर वापस लौटा दिया जाता है। इससे बुजुर्गों, श्रमिकों और तकनीकी रूप से असमर्थ लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महापौर ने आरक्षण काउंटर का समय पुनः पूर्ववत सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक करने की मांग उठाई है। महापौर ने कहा कि रुद्रपुर एक तेजी से उभरता औद्योगिक केंद्र है, इसलिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी और सुगम टिकट आरक्षण व्यवस्था स्थानीय जनता की प्राथमिक आवश्यकता है।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement