रुद्रपुर में अग्रसेन चौक से हटेगा मजदूर अड्डा

Share News

महापौर विकास शर्मा ने की शुरू की पहल

अब नगर निगम के पास खाली जमीन पर जुटेंगे श्रमिक

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने एक बड़ा निर्णय लिया है। वर्षों से अग्रसेन चौक पर संचालित हो रहे श्रमिक अड्डे को अब नगर निगम के पास स्थित खाली भूखंड में स्थानांतरित किया जाएगा।

गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर इस योजना को अंतिम रूप दिया। उन्होंने कहा कि अग्रसेन चौक शहर का व्यस्ततम इलाका है। यहाँ सुबह से दोपहर तक सैकड़ों श्रमिकों की मौजूदगी के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी होती थी। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने जनहित में इसे शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। श्रमिकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। नए स्थान पर श्रमिकों के लिए बैठने के लिए शेड, पीने का साफ पानी और शौचालय की सुविधा, सुरक्षा के मद्देनजर सभी श्रमिकों का सत्यापन कर उन्हें नगर निगम की ओर से आई-कार्ड जारी किए जाएंगे। श्रम विभाग के समन्वय से श्रमिकों के ‘श्रम कार्ड’ बनाए जाएंगे ताकि उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।

एसडीएम मनीष बिष्ट और सीओ डीआर वर्मा भी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि सिडकुल ढाल और मेडिसिटी क्षेत्र के पास चल रहे अड्डों को भी जल्द व्यवस्थित किया जाएगा। भविष्य में शहर में एक संयुक्त श्रमिक अड्डा विकसित करने की योजना है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, तरूण दत्ता, सुनील ठुकराल सहित कई पार्षद और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *