न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

हल्द्वानी। एसओटीएफ कुमाऊं रेंज और वनभूलपुरा पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 मई को रेंज एसओटीएफ और थाना वनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्धों की निगरानी और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर राबिया पत्नी फहीम उर्फ बबलू निवासी अली मस्जिद के पास, वनभूलपुरा को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के पास से 39.58 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता को हिरासत में ले लिया और बरामद माल को जब्त कर लिया।

पुलिस ने महिला के विरुद्ध थाना वनभूलपुरा में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह स्मैक कहाँ से लाई गई थी और इसके तार किन-किन बड़े तस्करों से जुड़े हैं। टीम में उप निरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल थे।

आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोरतम कार्यवाही जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement