पहले चाय बनाकर पी, फिर तटरक्षक बल के पूर्व कर्मी के घर से 10 लाख के गहने उड़ाए

Share News

– सरहद की सुरक्षा करने वाले फौजियों का घर भी सुरक्षित नहीं

– गुजरात गए पूर्व तटरक्षक कर्मी के बंद मकान चोरों ने खंगाला

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के सामिया लेक सिटी कॉलोनी में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक सेवानिवृत्त तटरक्षक कर्मी के बंद मकान का ताला तोड़कर लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

मकान स्वामी एसपी साहू भारतीय तटरक्षक बल से रिटायर्ड हैं। वे 22 जुलाई को पत्नी के साथ गुजरात के जाखू में तैनात अपने बेटे (जो भारतीय तटरक्षक बल में सेनानायक हैं) से मिलने गए थे। उन्होंने घर की देखरेख और चाबियां अपने पड़ोसी व तटरक्षक बल से ही रिटायर्ड प्रताप सिंह को सौंपी थीं। 5 अगस्त की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान प्रताप सिंह ने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था।

घर के अंदर का नजारा देखकर लग रहा था कि चोरों ने बेफिक्र होकर वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने कमरों और अलमारियों के ताले खोले, बिस्तर पर खाली डिब्बे छोड़े और यहां तक कि रसोई में चाय बनाने के साक्ष्य भी मिले हैं। चोरी गए सामान में चार सोने की चेन, दो अंगूठियां, कुंडल और चांदी की पायल सहित 10 लाख रुपये से अधिक के गहने शामिल हैं।

घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। सीओ सदर विभव सैनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *