नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस का हल्ला बोल

Share News

केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर फूंका पुतला

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक, धांधली और अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीडी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

गुरुवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की लापरवाही के कारण देश के लाखों छात्रों का भविष्य संकट में है। 2024 के पेपर लीक कांड के बाद सुधार के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन दो साल के भीतर ही दोबारा ऐसी घटनाएं होना प्रशासनिक तंत्र की विफलता को दर्शाता है। ठुकराल ने कहा, उच्च स्तरीय समितियों की सिफारिशों के बावजूद डिजिटल और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने में सरकार नाकाम रही है।

महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के पास मजबूत तंत्र होने के बाद भी माफिया सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए पेपर लीक का नेटवर्क चला रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे गिरोहों की पहचान कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता नहीं लाई गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहां पर जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, गोपाल भसीन, रामस्वरूप भारती, संजय ठुकराल सहित पार्षद और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *