डबल वोट के नाम पर आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग

– किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने एडीएम से की मुलाकात

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में डबल वोट के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के विरुद्ध दर्ज की गई आपत्तियों को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने आज रुद्रपुर स्थित एडीएम कार्यालय पहुंचकर एडीएम कौस्तुभ मिश्रा से मुलाकात की। उन्होंने निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से प्राप्त विभिन्न मतदाता सूचियों एवं अन्य दस्तावेजों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नाम और पिता के नाम की समानता के आधार पर किसी मतदाता को डबल वोटर मान लेना पूरी तरह अनुचित है।

उन्होंने कहा कि हिंदू एवं मुस्लिम दोनों समुदायों में एक ही नाम और पिता के नाम वाले अलग-अलग व्यक्ति हो सकते हैं। केवल नाम की समानता पर वोट काटने के बजाय फोटो मिलान, परिवार के सदस्यों के रिकॉर्ड का मिलान और जमीनी स्तर (ग्राउंड लेवल) पर सत्यापन किया जाए। आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति से केवल EPIC नंबर ही नहीं, बल्कि दावे के समर्थन में ठोस सबूत लिए जाएं। दूसरे राज्यों के EPIC नंबर की स्थिति में फोटो एवं अन्य विवरणों का पूर्ण सत्यापन हो।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं पर आपत्तियां दर्ज हुई हैं, उनकी सूची राजनीतिक दलों और अधिकृत प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जांच में सहयोग किया जा सके।हमारा उद्देश्य किसी गलत वोट को बचाना नहीं है। अगर कोई वोट वास्तव में डबल है तो वह नियमानुसार हटना चाहिए, लेकिन किसी वास्तविक मतदाता का वोट केवल नाम की समानता के आधार पर नहीं कटना चाहिए। दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना फोटो एवं परिवार के रिकॉर्ड का उचित मिलान किए वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया तो वह इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। मुलाकात के बाद बेहड़ ने बताया कि एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और आश्वस्त किया है कि प्रत्येक आपत्ति को नियमानुसार देखा जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर आपत्तिकर्ता से भी प्रमाण लिए जाएंगे।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement