विधायक शिव अरोरा के कार्यालय पर तीन राज्यों पर जीत का जश्न

कार्यकर्ताओं ने जमकर की आतिशबाजी और खाई झालमुड़ी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। पांच राज्यों के चुनावी परिणामों में असम, पुडुचेरी और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं में  जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में उनके कार्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर डांस, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी।

सोमवार को जश्न के दौरान विधायक अरोरा ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की यह प्रचंड विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व और विकासवादी सोच पर जनता की मुहर है। कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के गुंडाराज और अराजकता का अंत हो गया है। वहां का हिंदू जाग उठा है और उसने तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है। आजादी के बाद पहली बार बंगाल में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है, जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों के बंगाल का निर्माण करेगा।

बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के जिक्र से चर्चा में आई झालमुड़ी का क्रेज रुद्रपुर में भी दिखाई दिया। विधायक शिव अरोरा और कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से झालमुड़ी खाकर जीत का आनंद लिया। विधायक ने कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में गुंडाराज का सफाया हुआ है, उसी तर्ज पर अब बंगाल में भी शांति और सुरक्षा स्थापित होगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी और रुद्रपुर विधानसभा से पार्टी ऐतिहासिक मतों से जीत हासिल करेगी।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, शालिनी बोरा, रश्मि रस्तोगी, उपेंद्र चौधरी, प्रीत ग्रोवर, जगदीश विश्वास, धीरेश गुप्ता, राजेश बजाज, केके दास समेत भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *