नौ मई को उधम सिंह नगर के न्यायालयों में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

आपसी समझौतों के आधार पर मामलों का होगा निस्तारण

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर नौ मई को जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय रुद्रपुर सहित काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज और किच्छा के दीवानी न्यायालयों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजन होगा।

सोमवार को एडीआर सेंटर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस लोक अदालत में प्री-लिटीगेशन और न्यायालयों में लंबित विभिन्न श्रेणियों के मामलों का निपटारा आपसी समझौते के आधार पर किया जाएगा। इनमें धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस), धन वसूली, भरण-पोषण, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), श्रम विवाद, बिजली, पानी के बिलों से संबंधित विवाद, शमनीय प्रकृति के आपराधिक वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी मामले (भत्ते/भुगतान), राजस्व वाद और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जो भी पक्षकार अपने वादों का निस्तारण कराना चाहते हैं, वे किसी भी कार्य दिवस में संबंधित न्यायालय में स्वयं या अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। इसके अलावा जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केंद्र, रुद्रपुर में भी आवेदन किया जा सकता है।बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष समाधान समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिनके मुकदमे सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं, वे 31 मई 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर अपने मामलों का निस्तारण करा सकते हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement