10 लाख श्रमिकों की सेहत का केंद्र ईएसआईसी अस्पताल पहुंचे अजय भट्ट
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बुधवार को ईएसआईसी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी और दवा वितरण कक्ष का जायजा लिया तथा मरीजों से उपचार और दवाओं की उपलब्धता को लेकर बातचीत की। मरीजों ने अस्पताल में पहले की अपेक्षा बेहतर उपचार और दवाएं मिलने की बात कही।
निरीक्षण के बाद सांसद ने चिकित्सकों के साथ बैठक कर मरीजों को समय पर उचित उपचार देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों का उपचार अस्पताल में संभव नहीं है, उन्हें बिना देरी किए हायर सेंटर रेफर किया जाए। अस्पताल में डॉक्टरों और उपकरणों की कमी की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि केंद्र सरकार से आवश्यक मांग की जा सके।
अजय भट्ट ने दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता पहले की तुलना में बेहतर हुई है और शेष कमियों को भी चरणबद्ध तरीके से दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल से कुमाऊं क्षेत्र के करीब 10 लाख से अधिक श्रमिकों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि पात्र श्रमिकों और दिव्यांग लाभार्थियों को निःशुल्क उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
100 बेड की क्षमता, फिलहाल 68 बेड संचालित
सांसद ने बताया कि ईएसआईसी अस्पताल के लिए 100 बेड स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में 68 बेड संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी 100 बेड का संचालन शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए डॉक्टरों और आवश्यक उपकरणों की कमी दूर कराने को केंद्र सरकार के स्तर पर प्रयास किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा, सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा, प्रमुख अधीक्षक डॉ. विवेक राणा समेत अस्पताल के चिकित्सक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




