– सोशल मीडिया पर पत्र साझा कर बताई वजह
– दो जिलों की रह चुकी थी डीएम, आईआईएम की पढ़ी हैं
न्यूज़ एंड नॉक ब्यूरो
लखनऊ। आईआईटी और आईआईएम से पढ़ाई कर लंदन की नौकरी छोड़ आईएएस बनीं उत्तर प्रदेश कैडर की अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद उन्होंने स्वेच्छा से यह कदम उठाया है।
दिव्या मित्तल ने एक विस्तृत और भावुक पत्र सोशल मीडिया पर साझा कर अपने इस्तीफे की घोषणा की। पत्र में उन्होंने अपनी सिविल सेवा यात्रा, विभिन्न जिलों के अनुभव और प्रशासनिक फैसलों के बारे में बात की है।
दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और आईआईएम बैंगलोर से एमबीए किया था। इसके बाद उन्होंने लंदन में एक प्रतिष्ठित संस्था में नौकरी की। हालांकि, देश में रहकर जनसेवा करने के उद्देश्य से वे भारत लौट आईं और यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस अधिकारी बनीं।
अपने पत्र में दिव्या मित्तल ने देवरिया और मीरजापुर जिलों में अपनी तैनाती का विशेष उल्लेख किया। मीरजापुर में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने लहुरिया दह की पहाड़ी पर स्थित गांव में पहली बार पीने का पानी पहुँचाने का काम किया था, जो काफी चर्चित रहा। उन्होंने लिखा कि इस सेवा के दौरान दिव्यांगों, किसानों और वंचित वर्ग के लोगों के अधिकार और सम्मान के लिए काम करने से उन्हें असली संतोष मिला।
इस्तीफे के पत्र में उन्होंने अपने सहयोगी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 13 वर्षों की यह यात्रा उनके लिए अविस्मरणीय रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही वे पद छोड़ रही हैं, लेकिन देश और समाज के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा ब
ना रहेगा।




