– मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू से मिले राइस मिलर संगठन के पदाधिकारी
– 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ होगी मांगों पर चर्चा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। धान खरीद को लेकर चल रहे गतिरोध को दूर करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। उत्तराखंड राइस मिलर संगठन ने मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। बैठक में रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा भी मौजूद रहे। वार्ता के बाद राइस मिलर संगठन ने अगले दिन से सरकारी दरों पर धान खरीद शुरू करने की घोषणा की।
बैठक में राइस मिलरों ने धान खरीद में आ रही दिक्कतों और अपनी मांगों से मंडी परिषद अध्यक्ष को अवगत कराया। डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने संगठन को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखी जाएंगी। इस संबंध में 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर समस्याओं और मांगों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
मंडी परिषद अध्यक्ष ने राइस मिलरों से किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए तत्काल धान खरीद शुरू करने का आग्रह किया। इसके बाद संगठन के अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने कहा कि सभी राइस मिलर अगले दिन से सरकारी दरों पर किसानों का धान खरीदना शुरू कर देंगे।
उन्होंने कहा कि राइस मिलर संगठन सरकार की नीतियों का पालन करेगा। साथ ही उन्होंने डॉ. अनिल कपूर डब्बू का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में संगठन की समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
धान खरीद शुरू करने की घोषणा से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, अब 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक पर राइस मिलरों की मांगों के समाधान को लेकर निगाहें रहेंगी।




