– विधायक शिव अरोरा ने शुरू कराया काम, दोगुनी चौड़ाई में बनेगा मार्ग
– बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा जाने वाली संगत को भी मिलेगी राहत
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। करीब 40 साल से बदहाली झेल रहे महतोष–मानूनगर–नवाबगंज मार्ग की सूरत बदलने की उम्मीद जगी है। लगभग चार किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर ब्लैकटॉपिंग का काम शुरू हो गया है। सड़क निर्माण से हजारों ग्रामीणों के साथ बाबा दीप सिंह पछियापुर गुरुद्वारा जाने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक शिव अरोरा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य शुरू कराया और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
महतोष–मानूनगर से बाबा दीप सिंह पछियापुर गुरुद्वारा होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा तक जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर गड्ढों और धूल-मिट्टी के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती थी। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए भी सफर मुश्किल बना हुआ था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राहत की उम्मीद बंधी है।
विधायक शिव अरोरा के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए वर्ष 2024 में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से प्रस्ताव देहरादून भेजा गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संस्तुति के बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा गया। केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के तहत परियोजना को मंजूरी दिलाने में सांसद अजय भट्ट की भूमिका रही। वर्ष 2025 में स्वीकृति मिलने के बाद बजट जारी हुआ और टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई।
बरसात के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था। मौसम अनुकूल होने के बाद अब सड़क पर ब्लैकटॉपिंग शुरू कर दी गई है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को काम निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
दोगुनी चौड़ाई में बनेगी सड़क, ग्रामीण खुश
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि मार्ग को पहले की तुलना में दोगुनी चौड़ाई में बनाया जा रहा है। इससे स्थानीय गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही बाबा दीप सिंह पछियापुर गुरुद्वारा जाने वाली संगत को भी बेहतर सड़क का लाभ मिलेगा। यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने के साथ उत्तर प्रदेश की सीमा तक पहुंचने का महत्वपूर्ण रास्ता है। कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में सबसे बड़ा संतोष तब मिलता है, जब लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान धरातल पर दिखाई देता है। महतोष–मानूनगर मार्ग का निर्माण उनका संकल्प था, जिसे पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का सहयोग के लिए आभार जताया। सड़क निर्माण शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की हालत लंबे समय से खराब थी और इसके निर्माण का इंतजार किया जा रहा था। सड़क बेहतर होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों और गुरुद्वारा जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराने की उम्मीद जताई।
इस दौरान भाजपा नेता प्रीत ग्रोवर, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, इंद्रपाल, प्रधान जुल्फेकार अली, पूर्व प्रधान नबी जान, मनमोहन वाधवा, मनोज कुमार, त्रिलोक सिंह, प्रेम चावला, गुरबाज सिंह, प्रीतम सिंह, दयाल, मयंक कक्कड़, सुभाष यादव सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।




