पहले गड्ढे खत्म, फिर नई सड़कें; महापौर ने तय की डेडलाइन

– एक सप्ताह में भरेंगे सड़क के गड्ढे, 1 नवंबर से बनेंगी नई सड़कें

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को वार्ड-38 के आवास विकास क्षेत्र में सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता परखते हुए संबंधित ठेकेदारों और कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि गड्ढे भरने का अभियान एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि 1 नवंबर से करीब 10 करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों के तहत हॉटमिक्स तकनीक से नई सड़कें बनाने की तैयारी है।

महापौर ने बताया कि बारिश के कारण सड़क मरम्मत के कार्य प्रभावित हुए थे। अब मौसम अनुकूल होने के साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गड्ढे भरने का काम प्राथमिकता से कराया जा रहा है। अभियान के तहत आवास विकास में गोल्डन एजेंसी के पीछे से जग्गन ज्योति बारात घर जाने वाली सड़क, सुभाष कॉलोनी की मुख्य सड़क, गल्ला मंडी रोड और चांदना स्वीट्स के सामने की सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। इसके अलावा घास मंडी, एलायंस कॉलोनी, धर्मपुर और मॉडल कॉलोनी से रेलवे स्टेशन तक की सड़कों को भी दुरुस्त किया जाएगा। स्थानीय लोगों से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर अन्य खराब सड़कों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल गड्ढे भरना नहीं, बल्कि शहर की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाकर लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण का काम भी जारी है। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद डिवाइडरों को नए स्वरूप में विकसित करने और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था करने की योजना है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद राजेश जग्गा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, जतिन साहनी और गौरव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement